Australian Open 2022 की चैंपियन बनीं एश्ले बार्टी, देश के लिए रचा इतिहास
- Anurag Singh

- Jan 29, 2022
- 2 min read
Australian Open 2022 वुमेंस सिंगल्स का खिताब मेजबान देश की दिग्गज और दुनिया की नंबर वन खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने जीत लिया है। एश्ले बार्टी ने अमेरिका की डेनियल कॉलिंस को हराकर खिताब अपने नाम किया है। इसी के साथ लंबे समय से चला आ रहा खिताबी सूखा भी एश्ले बार्टी ने समाप्त कर दिया है। एश्ले बार्टी का ये ऑस्ट्रेलियन ओपन का पहला ग्रैंड स्लैम है, जबकि वे इससे पहले दो और खिताब जीत चुकी हैं।
मेलबर्न के रोड लेवर एरेना में खेले गए इस मैच में दुनिया की नंबर वन महिला टेनिस खिलाड़ी एश्ले बार्टी ने दुनिया की नंबर 30 की खिलाड़ी डेनियल कॉलिंस को 6-3 और 7-6 (2) से सीधे सेटों में हराकर अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम जीता। ये मुकाबला काफी दिलचस्प रहा और एक समय पर ऐसा लग रहा था कि डेनियल कॉलिंस वापसी कर लेंगी, लेकिन एश्ले बार्टी ने समझदारी से काम लिया।
साल 1980 के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के वुमेंस सिंगल्स में कोई ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी पहुंची थी। एश्ले बार्टी से पहले वेंडी टर्नबुल ने अपने घरेलू ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, वे खिताब नहीं जीत पाई थीं। यहां तक कि ऑस्ट्रेलिया का कोई खिलाड़ी 1978 के बाद से अपने देश में आयोजित होने वाले ग्रैंड स्लैम को नहीं जीत पाया था। आखिरी बार 1978 में क्रिस ओ नील ने ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था, जबकि एश्ले बार्टी ने 2022 में देश को खिताब दिलाया है।
25 वर्षीय एश्ले बार्टी ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 की विजेता बनने से पहले 2019 में फ्रेंच ओपन और 2021 में विंबलडन का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं और वे इस समय रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। वहीं, अमेरिका की 28 साल की डेनियल कॉलिंस को पहली बार ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंचने का मौका मिला था, जहां वे चूक गईं। उनकी रैंकिंग इस समय 30 है।




Comments