top of page

दिल्ली विधानसभा में हंगामा, भाजपा विधायकों को मार्शल ने किया बाहर।

Mar 24, 2022
1 min read

दिल्ली विधानसभा में गुरुवार को उस वक्त आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई, जब सत्तारूढ़ दल के विधायक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि उनके निवार्चन क्षेत्र में ऊंचाई पर तिरंगा लगाने का भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस) विरोध कर रहे हैं। विपक्षी भाजपा के सदस्यों ने सत्तारूढ़ आप के सदस्यों को टुकड़े-टुकड़े गैंग का हिस्सा करार दिया। बाद में दोनों दलों के सदस्य शोर-शराबा करते हुए अध्यक्ष के आसन के समीप पहुंच गए।



अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने सदन में तैनात मार्शल को निर्देश दिया कि वे भाजपा विधायकों- विजेंदर गुप्ता ओर जितेन्द्र महाजन को बाहर ले जाएं। सदन में हंगामा उस वक्त शुरू हुआ जब मालवीय नगर के विधायक भारती ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र के सूर्यसेन पार्क में ऊंचाई पर तिरंगा लगाने का भाजपा और आरएसएस विरोध कर रहे हैं। भाजपा विधायकों ने उनके इस आरोप का विरोध किया। भाजपा विधायक महाजन ने आप सदस्यों को टुकड़े-टुकड़े गैंग का सदस्य करार दिया। शोर-शराबे के बीच ही गोयल ने भाजपा विधायकों को कहा कि वह दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेंगे।


भाजपा विधायकों को बाहर कर दिये जाने के बाद अध्यक्ष ने कहा कि भारती ने इस मामले को उठाने के लिए लिखित में सूचना दी थी। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भारती ने बहुत ही गंभीर मुद्दा उठाया है और यह हमारे देश के गौरव के लिए गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को शर्मिंदगी महसूस करनी चाहिए और देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हम अपनी जान देकर भी यहां तिरंगा लहराएंगे। इस के बाद सदन में भारत माता की जय के नारे गूंज उठे।



Comments


bottom of page